Crime News: गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद हुआ मृतक का अंतिम संस्कार, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

Spread the love

Crime News: गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद हुआ मृतक का अंतिम संस्कार, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस 

मिल्कीपुर/अयोध्या। थाना क्षेत्र के इमामगंज गांव में जमीन पैमाइश के दौरान हुई मारपीट मे घायल हुए 70 वर्षीय राम अभिलाष निषाद की इलाज के दौरान हुई मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र करने के आश्वासन के बाद ही शव का अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस ने रात में ही अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया था ।

शनिवार सुबह पुलिस ने दोबारा अंतिम संस्कार कराने का दबाव बनाया लेकिन परिजनों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। सूचना मिलने पर प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। मिल्कीपुर सर्किल के कुमारगंज, खंडासा, इनायतनगर और बाबा बाजार थानों की पुलिस पहुंची। उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार और नायब तहसीलदार रंजन वर्मा ने सुबह तीन घंटे तक वार्ता की और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद 2 बजे राम अभिलाष का अंतिम संस्कार कराया गया।

थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना 28 जून की शाम की है। 29 जून को परिजनों की तहरीर पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मेडिकल रिपोर्ट और मौत के बाद मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी।


Spread the love

Related posts