
नगर निगम कंट्रोल रूम: महापौर व नगर आयुक्त ने किया कंट्रोल रूम का शुभारंभ, तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे कर्मचारी
हेल्पलाइन नंबर 1533 और 1800-313-1277 पर दर्ज कराएं शिकायत
अयोध्या। मानसून के दौरान नगर निगम क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाने को लेकर नगर निगम अब तैयारियों में जुट गया है। जलभराव जैसी स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने लोगों के लिए बकायदा कंट्रोल रूम की स्थापना की है वही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। जिसका शुभारंभ शुक्रवार को महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने किया है।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता बरसात के दौरान शहर को जलभराव मुक्त रखना है। इसके लिए सभी जोन में टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने बताया कि 24 घंटे कंट्रोल रूम के संचालित के लिए तीन शिफ्टों में दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं नगरवासी नगर निगम की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 1533 तथा 1800-313-1277 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि शिकायत मिलते ही संबंधित जोन की टीम को मौके पर भेजकर निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान कराया जाएगा।इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भाजपा के वरिष्ठ पार्षद बृजेंद्र सिंह, चंदन सिंह, धर्मेंद्र मिश्र, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुनील यादव, जगत नारायण यादव, सहायक अभियंता (निर्माण) राजपति यादव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
दो दिनों की बरसात में कई जगह हुआ था जलभराव
जिले में मानसून ने दस्तक दे दी है। दो दिनों तक रुक रुक कर ही बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जलभराव होने के बाद कुछ लोगों ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर व्यथा की व्यक्त की थी, की किस तरह से जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में समस्याओं का सामना करना पड़ा था। हालांकि उसके बाद मौसम तो करवट ले रहा है लेकिन बरसात नहीं हुई। हालांकि दो दिनों की बारिश के बाद नगर निगम अलर्ट तो हुआ है, लेकिन अब देखना है नगर नियम अपनी कवायद में कितना सफल होता है… हालांकि लोगों को नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया है।

