
NEET UG 2026 Re Exam: 13 केंद्रों पर 5214 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, नकल रोकने को कड़े इंतजाम
अयोध्या: 21 जून को NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित होगी। 13 परीक्षा केंद्रों पर 5214 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पेपर लीक के बाद हो रही परीक्षा के लिए सीसीटीवी, जैमर, बायोमेट्रिक और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा नीट यूजी 2026 रविवार 21 जून को आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नकल विहीन परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
कुल 13 परीक्षा केन्द्रों पर 5214 अभ्यर्थी दुबारा नीट-2026 देने जा रहे हैं। यह परीक्षा विगत दिनों पेपर लीक हो जाने के कारण दुबारा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर हर स्तर पर कड़ी निगरानी की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रुम के साथ 13 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यह पुनर्परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, बायोमेट्रिक व तलाशी जैसी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नकल रोकने और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने को सुनिश्चित करेंगे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, एडमिट कार्ड और पहचान पत्र साथ रखें और एनटीए की गाइडलाइन का पालन करें। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है

