
भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप तिवारी ने लगाया आरोप, बोले-सच्चिदानंद के खिलाफ पहले भी दर्ज हुआ है रुपए हड़पने का मुकदमा
अयोध्या। तथाकथित भाजपा नेता सच्चिदानंद पांडेय के खिलाफ अयोध्या कोतवाली में पैसे हड़पने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब एक और भाजपा नेता ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेता का आरोप है कि सच्चिदानंद पांडेय का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी उनके खिलाफ पैसा हड़पने और मारपीट का केस दर्ज हो चुका है।
अवध क्षेत्र के भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कार्य समिति के सदस्य राघवेंद्र प्रताप तिवारी ने शनिवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि सच्चिदानंद पांडेय ने कई लोगों से रुपया लेकर धोखाधड़ी की है और वापस भी नहीं किया है। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार इनके खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी 2026 को अतरौलिया में पांच लाख रुपए हड़पने का केस दर हुआ है, जिसमें इन्होंने तीन लाख रुपए वापस किए जबकि दो लाख मांगे जाने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई थी। जबकि दूसरा मुकदमा भाजपा के ही आईटी सेल प्रभारी प्रवेश मिश्रा ने सच्चिदानंद पांडेय के खिलाफ फोन पर गाली गलौज का मुकदमा हैदरगंज थाने में दर्ज कराया है।
इसके अलावा तीसरा मुकदमा तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने दर्ज कराया है, जिसमें उनका आरोप है कि सच्चिदानंद पांडेय ने पारिवारिक जरूरत बताकर 10 – 12 दिनों के लिए उनसे दो लाख रुपए लिये और अभी तक वापस नहीं किया। जब पैसा मांगा जाने लगा तो उनके ओर से धमकी दी गई।
भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप तिवारी ने बताया कि सच्चिदानंद पांडे ने खुद की मृत्यु दिखाने के लिए हरदोई में अपनी ही गाड़ी का एक्सीडेंट करवाया, उसमें अपना पुतला रखवाया, हालांकि जांच में सारे मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी को ज्ञापन देंगे, जिसके माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष से तथाकथित नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।

