अयोध्या। भव्य राम मंदिर परिसर के माता भगवती मंदिर के शिखर पर 29 मई को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर प्रशासन और संबंधित समितियों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को विशेष और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं एवं महिलाओं को आमंत्रित किया जा रहा है।
राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली साध्वी रितंभरा इस अवसर पर विधिवत ध्वजारोहण करेंगी। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बनेगा।
ध्वजारोहण समारोह में करीब 2000 महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। महिलाओं के लिए विशेष बैठने, सुरक्षा और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश भी देगा। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचन भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां कि जा रही है।
बता दें कि राम मंदिर परिसर मे बने सात पूरक मंदिरों मे अब तक पाँच मंदिरों के शिखर पर भव्य आयोजन के बीच ध्वजा रोहण हो चुका है। और अब छठे माता भगवती मंदिर के शिखर पर 29 मई को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें राम मंदिर आंदोलन का प्रमुख चेहरों मे से एक साध्वी ऋतंभरा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगी। मां भगवती मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण होना है, इसलिए कार्यक्रम में महिलाओं की संख्या अधिक से अधिक होगी। सूत्रों की माने तो कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा महिला शाखा और दुर्गा वाहिनी की लगभग ढाई सौ महिलाओं के साथ मौजूद रहेंगी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर भाजपा, विश्व हिंदू परिषद, संघ सहित अन्य अनुषांगिक संगठनों की महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा।

