
Crime News: खेतों में बिखरी थीं हड्डियां, चप्पल-कपड़ों ने खोला 24 दिन से लापता बुजुर्ग का राज….!
बीकापुर, अयोध्या। हैदरगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले नर कंकाल की पहचान 24 दिनों से लापता 70 वर्षीय गुरु राम के रूप में उसके पुत्र ने चप्पल और चड्ढी से की है। नर कंकाल मिलने की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार हैदरगंज थाना क्षेत्र के बेला रामबाग उमरनी निवासी लालचंद निषाद ने बताया कि उसके पिता गुरु राम पुत्र जगई, उम्र 70 वर्ष, जो गत महीने 23 नवंबर को घर से लापता हो गए थे। उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी और उनका इलाज चल रहा था। लापता होने के बाद खोजबीन करने पर न मिलने पर 28 नवंबर को हैदरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शनिवार को गांव से 500 मीटर दूरी पर हरी राम के खेत में व पहाड़ी के खेत तथा दोनों खेतों के बीच स्थित बाहा में लगभग आधे दर्जन स्थलों पर बिखरा हुआ नर कंकाल मिला। जिसकी पहचान उसकी चप्पल और चड्ढी से की गई। शव के मांस को पूरी तरह जंगली जानवरों ने खा लिया था। इधर-उधर हाथ, पैर, सिर, सीने की हड्डियां बिखरी पड़ी थीं।
सूचना पर हैदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के सहयोग से बिखरे हुए कंकाल को इकट्ठा कर डीएनए टेस्ट व पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष हैदरगंज संतोष कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र द्वारा पहचान के आधार पर उसकी लापता पिता का कंकाल माना जा रहा है, जिसकी गुमशुदगी पहले से दर्ज है। फिर भी स्पष्ट पहचान और मौत का कारण जानने के लिए डीएनए टेस्ट के लिए कंकाल को फोरेंसिक टीम के सहयोग से कब्जे में लेकर भेज दिया गया है।

