आरक्षण बचाओ, आरक्षण बढ़ाओ अभियान के तहत 26 अक्टूबर से निकलेगी पदयात्रा

Spread the love

आरक्षण बचाओ, आरक्षण बढ़ाओ अभियान के तहत 26 अक्टूबर से निकलेगी पदयात्रा
अयोध्या से लखनऊ विधानसभा तक सात दिवसीय यात्रा निकालने के लिए डीएम से सुरक्षा और सहयोग की मांग
अयोध्या। आरक्षण बचाओ, आरक्षण बढ़ाओ बहुजन आंदोलन महासभा ने विभिन्न मांगों को लेकर 26 अक्टूबर से सात दिवसीय पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। अयोध्या के गांधी पार्क से राजधानी लखनऊ स्थित विधानसभा तक प्रस्तावित इस यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए संगठन ने जिलाधिकारी को पत्र देकर सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग की मांग की है।
संगठन की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पांच सितंबर 2026 को राष्ट्रपति और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से विभिन्न मांगें उठाई गई थीं। इनमें जातीय जनगणना, कॉलेजियम व्यवस्था, एनएफएस और बैकलॉग से संबंधित मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा 23 अगस्त 2026 को आरक्षण विरोधियों के समर्थन में दिए गए कथित बयानों तथा 22 विभागों में 11,514 पदों के आरक्षण घोटाले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।पत्र के अनुसार, मांगों पर कार्रवाई के लिए 20 सितंबर तक का समय दिया गया था, लेकिन संगठन का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कोई निर्णय नहीं लिया गया।
इसी के विरोध में बहुजन आंदोलन महासभा ने पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया है।संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम जी पटेल ने पत्र में बताया कि यात्रा में प्रदेशभर से ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समाज के लोग शामिल होंगे। यात्रा पैदल और शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। संगठन ने प्रशासन से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों के तहत यात्रा के लिए उचित पुलिस बल, लाउडस्पीकर और मार्ग व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की है।
डीएम को पत्र सौंपने के दौरान डॉक्टर अविनाश, गंगाराम वर्मा, दयाशंकर ,मोहम्मद बकरीदी खान सहित कई लोग मौजूद थे।

Spread the love

Related posts