CRPF जवान निधन: राम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात CRPF जवान का निधन, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Spread the love

फाइल फोटो

CRPF जवान निधन: दो महीने से लखनऊ के अस्पताल में चल रहा था इलाज, मवाई खुर्द गांव में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

मिल्कीपुर, अयोध्या। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान महेंद्र प्रताप यादव का दो महीने की बीमारी के बाद लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। बुधवार रात निधन के बाद गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मवाई खुर्द लाया गया। यहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान के निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गुरुवार दोपहर महेंद्र प्रताप यादव का पार्थिव शरीर अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र स्थित मवाई खुर्द गांव पहुंचा। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल और मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

43 वर्षीय महेंद्र प्रताप यादव मवाई खुर्द गांव के निवासी थे। वह सीआरपीएफ में तैनात थे और राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा ड्यूटी में लगे हुए थे। पिछले करीब दो महीने से उनकी तबीयत खराब थी। उनका लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

महेंद्र प्रताप यादव के परिवार में पत्नी और 18 वर्षीय बेटा प्रियांशु है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई चंद्रिका प्रसाद यादव सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई आत्मा प्रसाद यादव भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

गांव पहुंचने के बाद सीआरपीएफ जवानों ने महेंद्र प्रताप यादव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अपने गांव के जवान को अंतिम विदाई देते समय ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।


Spread the love

Related posts