गांधी जयंती 2026: जिला पंचायत कार्यालय से गुप्तार घाट तक दिखा गांधी विचारों का संदेश

Spread the love

 

फोटो: महेंद्र गोंड

गांधी जयंती 2026: जिला पंचायत कार्यालय से गुप्तार घाट तक दिखा गांधी विचारों का संदेश, स्वच्छता और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

अयोध्या। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर अयोध्या में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत कार्यालय में जहां महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, वहीं विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने गुप्तार घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने गांधी जी के जीवन, विचारों और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी। उनके बताए मार्ग और जीवन मूल्यों को अपनाकर समाज और देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस दौरान जिला पंचायत प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, कीर्ति सिंह सहित जिला पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने गुप्तार घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने घाट परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विधायक ने सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा। सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रमों के दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जिला पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।


Spread the love

Related posts