
दशहरा समारोह 2026: दुर्गा पूजा और रामलीला की तैयारियां तेज, नगर निगम एक सप्ताह में दूर करेगा समितियों की समस्याएं
अयोध्या। नगर निगम में केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी समेत नगर निगम के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा और रामलीला आयोजनों को लेकर तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में करीब 300 स्थानों पर दुर्गा पूजा और करीब दो दर्जन स्थानों पर रामलीला का आयोजन किया जाता है। आयोजन को लेकर समितियों की ओर से करीब दो महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं। दुर्गा पूजा पंडालों, प्रतिमाओं, सजावट और लाइटिंग के जरिए शहर को भव्य रूप दिया जाता है।
बैठक के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को नगर निगम के सामने रखा गया। आयोजकों ने बताया कि इन धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने में नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, विकास प्राधिकरण और विद्युत विभाग समेत अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जाता है।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने समितियों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें लिखित रूप में भी दर्ज कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने का भरोसा दिया गया है।
बैठक में आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी समन्वय पर जोर दिया गया, ताकि दुर्गा पूजा और रामलीला कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
