
Ayodhya Deepotsav 2026: डीएम शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश, घाटों की सफाई, मरम्मत और पार्किंग व्यवस्था पर जोर
अयोध्या। दीपोत्सव महोत्सव-2026 को भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, उपनिदेशक पर्यटन बीपी सिंह, सीओ अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ प्रमुख स्थलों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने रामकथा पार्क, पार्किंग स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, किंग हो पार्क, राम की पैड़ी और सरयू घाट सहित अन्य प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे कार्यों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दीपोत्सव से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सिल्ट की सफाई, घाटों की मरम्मत और विद्युत पोलों की मरम्मत समेत अन्य आवश्यक कार्य समय से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने झांकियों और वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों को पहले से ही सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर मंच व्यवस्था को भी समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और अतिथियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। विशिष्ट संतजनों के आवागमन के मार्ग को भी पहले से चिन्हित कर व्यवस्थित करने को कहा गया।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की गरिमा और भव्यता से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और तैयारियां समय से पूरी करें, जिससे दीपोत्सव महोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।
