
अयोध्या धाम से जगन्नाथ पुरी तक सीधी ट्रेन की मांग, संतों ने सपा सांसद अवधेश प्रसाद को सौंपा ज्ञापन
संतों के प्रतिनिधिमंडल ने कहा- सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों के श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
अयोध्या। अयोध्या और जगन्नाथ पुरी जैसे दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। श्री रामेष्ट धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सपा सांसद अवधेश प्रसाद से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। संतों ने अयोध्या से जगन्नाथ पुरी तक सीधी ट्रेन संचालित किए जाने की मांग रखी।
संतों का कहना है कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है, जबकि जगन्नाथ पुरी देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थलों में शामिल है। दोनों स्थानों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से देशभर से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में अयोध्या से जगन्नाथ पुरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कई बार रेल बदलनी पड़ती है, जिससे यात्रा में अतिरिक्त समय और परेशानी होती है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे चेयरमैन से बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर अयोध्या से जगन्नाथ पुरी के लिए सीधी ट्रेन संचालित करने का अनुरोध किया है।
सांसद अवधेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जगन्नाथ पुरी के सांसद से भी बातचीत की है। उनके मुताबिक, जगन्नाथ पुरी के सांसद रेलवे बोर्ड के सदस्य भी हैं। ऐसे में अयोध्या और जगन्नाथ पुरी के बीच सीधी रेल सेवा शुरू कराने के प्रयास को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
संतों ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी तरह जगन्नाथ पुरी भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। दोनों तीर्थस्थलों को सीधी रेल सेवा से जोड़ने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में डॉक्टर देवेषाचार्य, अनिरुद्ध दास, वरुण दास और अमित दास समेत कई संत मौजूद रहे। संतों ने उम्मीद जताई कि रेलवे की ओर से मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द ही अयोध्या और जगन्नाथ पुरी के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
