
Fake Policeman Arres: खाकी पहनकर घूमता था नकली पुलिसवाला…! व्यापारियों पर जमाता था रौब, वसूले 7,500 रुपए
अयोध्या। रामनगरी में पुलिस की वर्दी पहनकर व्यापारियों और आम लोगों पर पुलिसिया रौब जमाकर अवैध वसूली करने वाले एक शातिर युवक को कोतवाली अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर रेलवे स्टेशन और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदारों व आम लोगों को भयभीत करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, अवैध वसूली के 7,500 रुपये और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से स्थानीय व्यापारियों और सूत्रों के माध्यम से सूचना मिल रही थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस आरक्षी की वर्दी पहनकर रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजार में घूमता है। वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर व्यापारियों पर धौंस जमाता और जांच के नाम पर रुपये व सामान की वसूली करता था।
इसी दौरान आरोपी ने एक व्यक्ति को पुलिसिया रौब दिखाकर और झांसा देकर उसका मोबाइल फोन भी ले लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
27 सितंबर 2026 को मिली सटीक सूचना के आधार पर कोतवाली अयोध्या पुलिस ने परिक्रमा मार्ग स्थित बड़ी छावनी मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस की पूर्ण वर्दी, फर्जी पहचान पत्र, 7,500 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं है और आर्थिक लाभ कमाने तथा लोगों में भय पैदा करने के लिए अनधिकृत रूप से पुलिस की वर्दी पहनकर वसूली करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम मिश्रा पुत्र उमेश चन्द्र मिश्रा, उम्र 26 वर्ष, निवासी मिश्रौलिया, थाना कलवारी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली अयोध्या में मु0अ0सं0-724/26, धारा 205, 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
