
Naka Ayodhya, Compensation: 14 कोसी मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावितों को राहत, 11 भवन स्वामियों को 2.26 करोड़ मुआवजा
नाका प्रभावितों को मिला 2.26 करोड़ रुपये का मुआवजा, पांच व्यापारियों को मिलेंगी दुकानें
नाका के प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत, किराएदारों को भी मिला मुआवजा; पांच व्यापारियों को दुकानें
अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित नाका क्षेत्र के परिवारों को बड़ी राहत मिली है। प्रभावितों के मुआवजे और पुनर्वास को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावित परिवारों को दिए जा रहे मुआवजे और पुनर्वास की जानकारी दी।
विधायक ने बताया कि 11 भवन स्वामियों को कुल 2 करोड़ 26 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है। मुआवजा प्रक्रिया में भवन स्वामियों के साथ प्रभावित किराएदारों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा कार्रवाई से प्रभावित पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानें उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है। इससे प्रभावित व्यापारियों को दोबारा कारोबार शुरू करने में मदद मिलेगी।
प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी बात कही गई है। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान नाका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों ने मुआवजा और पुनर्वास की मांग उठाई थी। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जिलाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान की पहल की।
विधायक ने कहा कि प्रभावित परिवारों को उनकी अपेक्षा के अनुरूप राहत दिलाने के लिए प्रशासन के अधिकारियों से लगातार वार्ता की गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत भवन स्वामियों और किराएदारों को मुआवजा दिया जा रहा है। पांच व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने की सहमति बनी है। साथ ही प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं और आवास की सुविधा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
किसे कितनी राशि मिली
मकान मालिकों में मुरारी सिंह यादव को 63,89,585.41 रुपये, घनश्याम यादव को 68,29,857.40 रुपये, रवीन्द्र कुमार को 8,07,389.80 रुपये, आशा देवी को 8,07,389.80 रुपये, अमित सिंह को 9,93,285.53 रुपये, दीप चंद्र गुप्ता व शक्ति गुप्ता को 16,99,767.99 रुपये, प्रीति को 5,22,121.26 रुपये और श्याम सुंदर यादव को 19,87,334.90 रुपये मुआवजा मिला है।
दुकानदारों में घनश्याम व मुरारी को 2,32,339.60 रुपये, रवीन्द्र कुमार को 1,04,403.85 रुपये, दीप चंद्र गुप्ता व शक्ति गुप्ता को 2,19,797.58 रुपये, अमर यादव व आनंद यादव को 2,01,699.94-2,01,699.94 रुपये तथा नीलांबर को 1,78,254.47 रुपये मिले हैं।
वहीं किराएदारों में मोहित यादव को 1,81,194.07 रुपये, पूनम गुप्ता को 1,99,242.79 रुपये, राजेन्द्र यादव को 2,32,339.60 रुपये, हरिराम यादव को 2,05,332.60 रुपये, रोहित यादव को 1,36,888.40 रुपये, अमरजीत को 1,04,403.85 रुपये और गिरिराज पाल को 1,42,713.44 रुपये मुआवजा मिला है।
पांच व्यापारियों दीपचंद, शक्ति गुप्ता, आशा देवी, मुरारी यादव और रवीन्द्र को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। मौके पर एडीएम सिटी हेमंत जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रभावित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
