
रोजगार मेले में उमड़े युवा: हाईस्कूल से बीटेक तक के युवाओं ने कराया पंजीकरण, कंपनियों ने शुरू की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू प्रक्रिया
अयोध्या। पूरा बाजार स्थित भगवान आशा बख्श सिंह महाविद्यालय में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार की उम्मीद लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा महाविद्यालय परिसर पहुंचे। मेले में 78 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग व साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की।
रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक और बीटेक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले युवाओं ने भाग लिया। कंपनियों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर अभ्यर्थियों को उपलब्ध पदों, कार्यक्षेत्र, वेतनमान और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। इसके बाद अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
कई कंपनियों ने मौके पर ही अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की। चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रोजगार मेले में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं की योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

आयोजकों के मुताबिक रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से आयोजकों ने भी संतोष जताया।
इस दौरान गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने समाजवादी पार्टी की पीडीए राजनीति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज के रोजगार मेले में सबसे ज्यादा दलित और पिछड़े वर्ग के युवाओं के नाम अंकित किए गए हैं। विधायक ने सपा की पीडीए राजनीति पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इसमें एक धर्म और एक जाति की बात की जाती है और बाकी लोगों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। विधायक का यह बयान रोजगार मेले के दौरान राजनीतिक चर्चा का भी विषय बना रहा।
