
चढ़ावा चोरी प्रकरण: संतों की प्रस्तावित बैठक पर पुलिस का पहरा, संतों ने लगाए गंभीर आरोप
अयोध्या। चढ़ावा चोरी के विरोध में संतों की ओर से प्रस्तावित बैठक को लेकर मंगलवार को अयोध्या में माहौल गरमा गया। संतों का आरोप है कि रामायणम आश्रम में होने वाली बैठक पर स्थानीय पुलिस ने रोक लगा दी और आश्रम में ताला लगा दिया गया। संतों ने कुछ देर तक उन्हें नजरबंद किए जाने का भी आरोप लगाया।
संतों ने जिला प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि चंदा प्रकरण में आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध के दौरान संतों ने “चंदा चोरों, अयोध्या छोड़ो” के नारे लगाए।
संतों ने मांग की कि वर्तमान राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर संतों का नया ट्रस्ट बनाया जाए। उनका आरोप है कि मंदिर से जुड़े चंदा प्रकरण में सामने आए आरोपों पर संत समाज की अपेक्षा के अनुरूप कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बैठक में महंत जन्मेजय शरण, प्रकाशानंद गिरि उर्फ कंप्यूटर बाबा और महामंडलेश्वर परमानंद गिरि समेत कई संत मौजूद रहे।
विरोधी संत गुट ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अयोध्या में एक लाख संतों को जुटाकर बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। संतों ने इसे अपने आंदोलन का अगला चरण बताया।
