
विदाई समारोह: उप डाकघर में पांच साल की सेवा के बाद करुणेश तिवारी का स्थानांतरण, भावभीनी विदाई
स्टाफ ने फूल-माला, धार्मिक प्रतिमा व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित, कार्यों की सराहना
बीकापुर, अयोध्या। जिले के बीकापुर उप डाकघर में पिछले पांच वर्षों से वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात रहे करुणेश तिवारी उर्फ बबलू तिवारी का स्थानांतरण प्रधान डाकघर अयोध्या होने के अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया गया।
डाकघर कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में साथी कर्मचारियों ने करुणेश तिवारी को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही धार्मिक प्रतिमा और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में मौजूद डाकघर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने करुणेश तिवारी के पांच वर्ष के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि करुणेश तिवारी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ किया। कार्यालय के कामकाज में उनका सहयोग हमेशा सराहनीय रहा।
ग्राहकों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान में भी उन्होंने आत्मीय सहयोग की भावना के साथ कार्य किया।पोस्ट मास्टर आत्माराम ने कहा कि करुणेश तिवारी का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक रहा है। कार्यालय के कर्मचारियों के साथ-साथ डाकघर में आने वाले ग्राहकों के प्रति भी उनका व्यवहार सरल और आत्मीय रहा। उनकी कार्यशैली से अन्य कर्मचारियों को भी सीखने का अवसर मिला।
सौरभ सिंह, अतुल कुमार, छेदी राम, पूर्व पोस्ट मास्टर उदय शंकर सिंह, छोटे लाल वर्मा और राजेश तिवारी ने भी उनके कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का हिस्सा है, लेकिन लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मी के जाने से कार्यालय में उनकी कमी महसूस होगी।इस दौरान करुणेश तिवारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि बीकापुर उप डाकघर में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। सहकर्मियों और ग्राहकों से मिले सहयोग और स्नेह को वह हमेशा याद रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।

