
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: टिन्नू यादव और मनीष यादव 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर, पुलिस लाइन में होगी पूछताछ
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस ने आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव को 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों को जेल से पुलिस लाइन लाया गया, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
मामले के विवेचक आशुतोष तिवारी ने अदालत से दोनों आरोपियों की 7 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 39 घंटे की रिमांड मंजूर की है। इस दौरान जांच टीम दोनों से मामले से जुड़े अहम तथ्यों, चढ़ावे की रकम, लेन-देन, अन्य आरोपियों की भूमिका और संभावित साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ करेगी।
इससे पहले पुलिस इस मामले में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा से भी पूछताछ कर चुकी है। अब जांच एजेंसियों की नजर टिन्नू यादव और मनीष यादव से मिलने वाली जानकारी पर है, जिससे मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।

