पुलिस भर्ती परीक्षा: दूसरे दिन 81.61 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल,कहीं से गड़बड़ी की खबर नहीं 

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड                                   परीक्षा केंद्र जाते परीक्षार्थी

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर किए गए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में रही पुलिस बल की तैनाती

अयोध्या। तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों के लिए जिले में कुल 10,272 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र निर्गत किया गया था, जिसमें से 8,383 अभ्यर्थी अर्थात 81.61 फीसदी परीक्षा में शामिल हुए।

मंगलवार को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा के दोनों पालियों में कुल 1,889 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की निगरानी में परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।

जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा के पहली पाली में कुल 5136 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4162 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 974 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत 81.04 दर्ज किया गया।

जबकि दूसरी पाली में कुल 5136 अभ्यर्थियों में से 4221 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी,जबकि 915 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत 82.19 रहा। आंकड़ों के मुताबिक दूसरी पाली में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की तादात ज्यादा रही।

नोडल अधिकारी एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है और पुख्ता निगरानी की व्यवस्था की गई है।

भर्ती बोर्ड के निर्देश के मुताबिक अभ्यर्थियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है।

 


Spread the love

Related posts