
छात्र आत्महत्या मामला: छात्र की मौत में युवती व उसकी मां पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
मिल्कीपुर, अयोध्या। आचार्य नरेंद्र कृषि विश्व विद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्र आकाश सोनकर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद युवती और उसकी मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आकाश सोनकर विश्व विद्यालय के कालिंदी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बीते 5 जून को उसने छात्रावास के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद विश्व विद्यालय परिसर में शोक का माहौल बन गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था और मामले की जांच शुरू की थी।
मृतक के पिता अवधेश सोनकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनका बेटा एक युवती से बातचीत करता था, लेकिन कुछ समय से युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इससे आकाश मानसिक तनाव में रहने लगा था। उनका आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित युवती और उसकी मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
