राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: महंत नृत्य गोपाल ने पीएम मोदी और सीएम योगी को लिखा पत्र…

Spread the love

 

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: महंत नृत्य गोपाल ने पीएम मोदी और सीएम योगी को लिखा पत्र…

कहा-यह घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो…

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने रामलला सरकार मंदिर में हुई चोरी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि यह मामला करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है। ऐसे में चोरी की घटना के दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा विश्वास भी व्यक्त किया।
अपने पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। इसलिए इस संवेदनशील मामले का किसी भी प्रकार से निजी या राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने और जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचने की अपील की।
महंत नृत्य गोपाल दास ने उम्मीद जताई कि सरकार और जांच एजेंसियां पूरी पारदर्शिता के साथ मामले की जांच करेंगी तथा दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाकर उचित सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि न्याय मिलने से श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा राम मंदिर की गरिमा भी अक्षुण्ण बनी रहेगी।


Spread the love

Related posts