
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सपा के पूर्व विधायक के विवादित पोस्ट पर बवाल, सीएम योगी के खिलाफ पोस्ट पर शिकायत
गोंडा। अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है गोंडा जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक बैजनाथ यादव द्वारा फेसबुक पर साझा की गई एक पोस्ट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई है।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक ने फेसबुक पर एक संपादित तस्वीर साझा की, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दानपात्र लेकर जाते हुए दिखाया गया। वहीं तस्वीर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पीछे से उन्हें रोकते हुए दर्शाया गया। पोस्ट के साथ पूर्व विधायक ने लिखा, “टोटी चोर का झूठा आरोप लगाने वाले देख लो, असली चोर तो यह है, जो राम मंदिर का चन्दा ले जा रहा।” इसके नीचे “चंदा चोर गद्दी छोड़” जैसी टिप्पणी भी लिखी गई।
पोस्ट सामने आते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे मुख्यमंत्री तथा धार्मिक आस्था से जुड़े विषय पर आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि इस मामले में गोंडा के पुलिस अधीक्षक को पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
विवाद बढ़ने और मामला सुर्खियों में आने के बाद पूर्व विधायक बैजनाथ यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट से उस पोस्ट को हटा दी है। हालांकि पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
फिलहाल पुलिस को दी गई शिकायत पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है। यह मामला अब सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी और अभिव्यक्ति की मर्यादा को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है।
