NEET UGC 2026: कड़ी निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा, 7.95 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

Spread the love

NEET UGC 2026: कड़ी निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा, 7.95 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

जिले में 13 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर रही मजिस्ट्रेट और पुलिसबल की तैनाती

अयोध्या। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा रविवार को कड़ी निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हो गई। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर हुई नीट यूजी परीक्षा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के बेहतर इंजाम किए गए थे, ताकि किसी परीक्षा देने आए किसी अभ्यर्थी को समस्याओं का सामना न करना पड़े। सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिसबल की तैनाती रही।

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार नीट यूजी -2026 परीक्षा में 5214 अभ्यर्थियों में से 4800 ने परीक्षा दी जबकि 414 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत 92.05 तथा अनुपस्थित प्रतिशत 7.95 रहा। शनिवार रात से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी।

रविवार शाम 6 बजे तक सभी परीक्षा केंद्र, आंतरिक व बाह्य परीक्षक लगभग 22 घंटे तक सर्विलांस की जद में रहे। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर सर्विलांस सेल और एसओजी की साइबर टीम नजर रख रही थी।

ओएमआर शीट और प्रश्नपत्रों की आमद-रवानगी केंद्रीय सुरक्षा बलों की विशेष निगरानी में हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, जैमर और बायोमैट्रिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखे गए हैं।

अभ्यर्थियों की हुई सघन तलाशी, कमांड सेंटर से होती रही मॉनिटरिंग

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन तलाशी और बायोमैट्रिक शिनाख्त के बाद दोपहर 1:45 बजे से प्रवेश दिया गया। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी तरह की सामग्री पर पूरी पाबंदी रही। अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक चली 4 घंटे की परीक्षा के दौरान दिल्ली और लखनऊ के कमांड सेंटर से हर केंद्र की सीधी मॉनिटरिंग होती रही।

2025 की अपेक्षा थोड़ा कठिन था पेपर, बायो था सरल

परीक्षा केंद्र पर आने पर अभ्यर्थियों की चेकिंग की गई साथ ही अभ्यर्थी पेपर अच्छे दे सके इसके लिए मनोबल भी बढ़ाया गया। परीक्षा देकर लौटी अभ्यर्थी का कहना है कि पेपर ज्यादा कठिन नहीं था लेकिन ज्यादा सरल भी नहीं था, फिलहाल पेपर बहुत ही अच्छा गया है, अब परिणाम का इंतजार है।

वही दूसरी ओर अभ्यर्थी का कहना है कि 2025 के मुकाबले इस बार पेपर थोड़ा कठिन आया है, हालांकि बायो पहले की अपेक्षा सरल आया है, कुल मिलाकर पेपर अच्छा गया है, अब रिजल्ट क्या आता है, ये देखना होगा। परीक्षा केंद्र पर की गई सुरक्षा और व्यवस्था की अभ्यर्थियों ने तारीफ की है। उनका कहना है कि व्यवस्था बहुत ही अच्छी थी और सुरक्षा के भी बेहतर इंतजाम थे।


Spread the love

Related posts