
स्माल लाइवस्टाक कॉन्क्लेव-2026: प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह होगे मुख्य अतिथि
लखनऊ। लघु पशुपालन क्षेत्र के समग्र विकास, रोजगार सृजन, उद्यमिता संवर्धन एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से दो दिवसीय यू.पी. स्माल लाइवस्टाक कॉन्क्लेव का आयोजन 17 जून से होगा। यह जानकारी पशु पालन विभाग के निदेशक डॉ. मेेमपाल ने पत्रकारवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग और D.R.E.A.M.S के संयुक्त तत्वाधान में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हो रहे कॉन्क्लेव शुभारंभ पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह व पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान करेंगी। 18 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थानों, कृषि एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, स्टार्टअप्स, वित्तीय संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा प्रगतिशील पशुपालकों आदि की सहभागिता तथा प्रतिभाग प्रस्तावित है।
पशुपालकों के लिए आयोजित होगी विभिन्न गतिविधियां
उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य भेड़, बकरी एवं सूकर पालन से जुड़े हितधारकों एवं पशुपालकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वैज्ञानिक तकनीकों, नवीन शोध, व्यवसायिक अवसरों, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, विपणन एवं निवेश संभावनाओं पर विचार-विमर्श कर भविष्य के लिये प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके। कार्यक्रम के तहत वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्र, पशुपालक-उद्यमी संवाद, स्टार्टअप एवं नवाचार प्रस्तुतीकरण, उद्योग एवं संस्थागत प्रदर्शनी, वित्तीय एवं निवेश अवसरों पर चर्चा, सफल पशुपालकों के अनुभव साझा कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास सत्र जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
स्वरोजगार उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण माध्यम
पशुपालन विभाग के निदेशक ने कहा कि उत्तर प्रदेश लघु पशुपालन एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है। वर्तमान में बकरी, भेड़ एवं सूकर पालन के क्षेत्र में उत्पादन, प्रसंस्करण तथा विपणन से जुड़े अनेक नए अवसर उपलब्ध हैं, जिनका लाभ प्रदेश के पशुपालकों एवं उद्यमियों तक पहुँचाना इस कॉन्क्लेव का प्रमुख लक्ष्य है। पशुपालन विभाग ने प्रदेश के पशुपालकों, उद्यमियों, निवेशकों, शोधकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य संबंधित हितधारकों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

