
Health News: जिला अस्पताल में हार्ट अटैक मरीज को मुफ्त मिला 50 हजार का जीवनरक्षक इंजेक्शन
अयोध्या। प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी अस्पतालों में हृदय रोगियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराए गए जीवनरक्षक इंजेक्शन का लाभ लगातार मरीजों को मिल रहा है। रविवार को जिला चिकित्सालय में हार्ट अटैक से पीड़ित एक बुजुर्ग मरीज को समय रहते यह इंजेक्शन लगाए जाने से उसकी हालत में तेजी से सुधार हुआ।
जानकारी के अनुसार तारुन थाना क्षेत्र के रामपुर भगन निवासी 75 वर्षीय रामाशंकर मिश्रा को हृदयाघात होने के बाद जिला अस्पताल लाया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद प्रभारी इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. आशीष पाठक ने तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कराई। हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज की पुष्टि होने पर विशेषज्ञों की सलाह के बाद मरीज को टेनेक्टेप्लेज (Tenecteplase) इंजेक्शन लगाया गया।
डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि बाजार में इस इंजेक्शन की कीमत करीब 50 हजार रुपये है, लेकिन प्रदेश सरकार ने इसे सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध कराया है। यह इंजेक्शन हार्ट अटैक के गंभीर मरीजों को त्वरित राहत देने और आगे की जटिलताओं को कम करने में प्रभावी साबित होता है।
उन्होंने बताया कि इंजेक्शन लगाने से पहले लखनऊ स्थित आरएमएल अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों से परामर्श लिया जाता है। इंजेक्शन के बाद मरीज को भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट उपेंद्र मणि त्रिपाठी ने दवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल प्रशासन ने इसे सरकार की जनहितकारी स्वास्थ्य योजनाओं का बड़ा लाभ बताया।

