चौराहे पर दें ध्यान, सिग्नल पर रखें यातायात नियमों का ख्याल

Spread the love

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त और सुगम बनाने के लिए शुरू हुआ आईटीएमएस 

आमजन को जाम की समस्या से मिलेगी निजात, व्यवस्थित तरीके से होगा यातायात का संचालन

अयोध्या। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी कर फर्राटा भरने वालों के लिए बुरी खबर है… जी हां, सही सुने। अगर आप शहर के शांति चौक (नाका), गुदड़ी बाजार चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा तथा पुलिस लाइन स्थित पुष्पराज चौराहे से बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पार हुए तो आपके खिलाफ चालान की कार्रवाई भी हो सकती है, क्योंकि अब इन चौराहों पर अब इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का संचालन शुरू कर दिया गया है। हालांकि रिकाबगंज चौराहे पर इसका संचालन पहले से ही हो रहा है।

शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए नगर निगम की ओर से शनिवार शहर के चार प्रमुख चौराहों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का संचालन शुरू के दिया गया है, जिसका शुभारंभ नगर निगम के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने जलकल परिसर स्थित आईटीएमएस कार्यालय से किया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर धर्मपथ पर हनुमान गुफा, सिविल लाइन चौराहा, देवकाली बाईपास एवं मनूचा चौराहा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी आईटीएमएस प्रणाली लागू कर दी जाएगी। इससे यातायात संचालन और अधिक सुचारु होगा तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इस दौरान उपसभापति संतोष सिंह मौजूद रहे।

सिग्नल के अनुसार सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा

नगर निगम की ओर से शहर के पांच प्रमुख रिकाबगंज, शांति चौक (नाका), गुदड़ी बाजार चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा व पुलिस लाइन स्थित पुष्पराज चौराहे पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का संचालन शुरू होने से यातायात नियंत्रण अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को रेड एवं ग्रीन सिग्नल के अनुसार सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

… यहां बटन दबाने पर तत्काल मिलेगी सहायता

महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम की ओर से 20 चौराहों पर सीबी इमरजेंसी कॉल बॉक्स भी स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर जागरूकता के लिए विशेष स्टीकर लगाए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, चोरी अथवा अन्य संकट की स्थिति में नागरिक एसओएस बटन दबाकर तत्काल सूचना नगर निगम और पुलिस प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

इन 15 जगहों पर आईटीएमएस सुविधा शुरू करने की योजना

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडे ने बताया कि शहर के 15 अन्य स्थानों पर भी आईटीएमएस सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है, इनमें निषाद राज चौराहा (टेढ़ी बाजार), श्रीराम हॉस्पिटल तिराहा, लता चौक, हनुमान गुफा चौक, साकेत पेट्रोलियम, देवकाली बाईपास, देवकाली तिराहा, अग्रसेन तिराहा, रायबरेली बाईपास, सहादतगंज बाईपास, नाका हनुमानगढ़ी, डीएम आवास चौराहा, गुरु गोविंद सिंह चौक एवं सिविल लाइन तिराहा प्रमुख हैं।

PULSE 24×7 की आमजन से अपील, आपका छोटा सा प्रयास, बनेगी प्रेरणा…. !

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस की ओर से की पहल में आम जनता की सहभागिता बहुत आवश्यक है, क्योंकि बिना सहभागिता के कोई पहल सफल नहीं होती। ऐसे में लोगों को भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए यातायात के नियमों का पालन करना आवश्यक है। क्योंकि आपके एक प्रयास और जागरूकता के कारण चौराहों पर यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होगी, साथ दूसरे लोगों को भी यातायात के नियमों का पालन करने को प्रेरणा मिलेगी। यातायात व्यवस्था बाधित न हो इसके लिए लोगों को चौराहों पर रेड लाइट, यलो लाइट और ग्रीन लाइट के महत्व को समझे और उसी के अनुसार आगे बढ़े।

PULSE 24×7 की टीम की तरफ से अपील की जाती है, कि आमजन यातायात को व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।


Spread the love

Related posts