अयोध्या पुलिस की तत्परता से एक घंटे में मिला महिला का खोया पर्स, आभूषण भी सुरक्षित बरामद

Spread the love

 

अयोध्या पुलिस की तत्परता से महिला का खोया पर्स और सोने के आभूषण बरामद

अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र की निवासी रेखा पटेल पत्नी विशाल पटेल का खोया हुआ पर्स, कैंट पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मात्र एक घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया। पर्स में रखे सोने के आभूषण और अन्य सामान भी सुरक्षित मिले, जिससे महिला ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार नया का पुरवा निवासी रेखा पटेल मंगलवार को किसी आवश्यक कार्य से चौक क्षेत्र गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह बैटरी रिक्शा से अपने घर लौट रही थीं। घर पहुंचने पर करीब 11:50 बजे वह रिक्शे से उतर गईं, लेकिन जल्दबाजी में अपना पर्स रिक्शे में ही भूल गईं। कुछ देर बाद जब उन्हें पर्स गायब होने का पता चला तो उन्होंने इसकी तलाश की, लेकिन पर्स नहीं मिला।

पर्स में सोने का एक कान का झुमका, एक टॉप्स तथा कुछ घरेलू उपयोग का सामान रखा हुआ था। पर्स खोने की जानकारी मिलते ही रेखा पटेल ने थाना कैंट पुलिस को सूचना दी और मदद की गुहार लगाई। सूचना प्राप्त होते ही कैंट पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल बैटरी रिक्शा की पहचान तथा उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित रिक्शा चालक का पता लगाया और जांच-पड़ताल के बाद महिला का पर्स बरामद कर लिया। उल्लेखनीय है कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर ही पर्स महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया गया। पर्स में मौजूद सोने के आभूषण और अन्य सामान भी पूरी तरह सुरक्षित पाए गए।

महिला ने कैंट पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी सक्रियता से आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है।


Spread the love

Related posts