Crime News: मामूली विवाद में अपने ही बने दुश्मन, पीट-पीट कर ले ली जान

Spread the love


Crime News: कैंट थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में शौचालय के विवाद को लेकर हुई वारदात

मां बाप, भाई और बहन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज 

अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में सोमवार की सुबह शौचालय को लेकर हुए विवाद में एक शख्स की हत्या कर दी गई। वारदात चारपाई की पाटी से ताबड़तोड़ वारकर कर हुई। ताबड़तोड़ हमले में शख्स के पेट की आंतड़ियां फट गई और उसकी मौत हो गई। वारदात की खबर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी मृतक का सगा भाई फरार हो गया।

थाना क्षेत्र के ककरही बाजार मोहल्ले में मौजीराम यादव पुत्र स्व रामपाल का परिवार निवास करता है। परिवार के पास मोहल्ले में ही आसपास दो मकान है। जिसमें एक मकान मौजीराम यादव और दूसरा उसकी पत्नी मीना यादव के नाम पर है। मौजीराम के नाम मकान में खुद मौजीराम, उसकी पत्नी मीना और अविवाहित बेटा घनश्याम निवास करता है। जबकि बेटी अनीता यादव का विवाह नगर कोतवाली के जनौरा निवासी राजू यादव से हुआ है। घटना के समय वह भी अपने मायके में पिता के घर पर थी।

शौचालय को लेकर काफी दिनों से चल रहा था विवाद

मोहल्लेवालों का कहना है कि शौचालय को लेकर परिवार के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। जिसमें पिटाई भी की गई थी। सोमवार को घर का बड़ा बेटा राधेश्याम यादव शौचालय जाने लगा तो उसके पिता मौजीराम ने विरोध किया। इसको लेकर विवाद बढ़ा और गाली गलौच के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मौजीराम यादव और उसकी पत्नी मीना ने राधेश्याम को पकड़ लिया और घनश्याम यादव ने घर में रखी चारपाई की पाटी से राधेश्याम यादव 40 वर्ष पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

चारपाई की पाटी की नोंक से पेट पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे पेट की आंतड़ियां फट गई। बीच बचाव करने आई राधेश्याम यादव की पत्नी रेनू यादव को भी गंभीर चोट आई। वहीं खुद को बचाने में राधेश्याम यादव का हाथ फ्रैक्चर हो गया। दोनों घायलों को आलोक यादव ने सुबह लगभग छह बजे जिला अस्पताल पहुंचाया तो परीक्षण के बाद डॉक्टर ने राधेश्याम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी मीना को इलाज के लिए भर्ती किया है।

एसपी सिटी के साथ पहुंची पुलिस फोर्स,की जांच

मामले की खबर पर प्रभारी निरीक्षक कैंट संदीप कुमार सिंह, सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी और एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से मौजीराम, उसकी पत्नी मीना तथा पुत्री अनीता को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।

मां बाप समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट,आरोपी भाई फरार

प्रकरण में पुलिस ने मृतक राधेश्याम यादव की पत्नी रेनू की तहरीर पर मृतक के पिता मौजीराम, मां मीना,भाई घनश्याम तथा बहन अनीता के खिलाफ मारपीट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


Spread the love

Related posts