
जन समस्या: पोल गिरने से कई गांवों की बिजली गुल, भीषण गर्मी से उपभोक्ता परेशान
अमानीगंज/मिल्कीपुर, अयोध्या। ओरवा पुल के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही के कारण एक बार फिर विद्युत पोल गिर जाने से 11 केवी जयराजपुर फीडर ब्रेकडाउन हो गया। नतीजा यह हुआ कि कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इस भीषण गर्मी में लाइट न होने से ग्रामीणों का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार पुल निर्माण कार्य के दौरान बिना विद्युत लाइन को शिफ्ट किए ही जेसीबी मशीनों से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान असंतुलित विद्युत पोल गिर गया और फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी, निर्माण एजेंसी और बिजली विभाग के बीच सामंजस्य न होने के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि ओरवा पुल के पास बिजली पोल गिरने की यह तीसरी घटना है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। पोल गिरने के बाद जयराजपुर फीडर से जुड़े कई गांवों के लोग बिजली न होने के कारण गर्मी से बेहाल हैं , इसके अलावा पेयजल संकट के साथ लोगों की घरेलू और व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
गौरतलब है कि ओरवा पुल के दोनों तरफ निर्माण कार्य चल रहा है। एक तरफ लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कराया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी निर्माण एजेंसी कार्य कर रही है। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू करने से पहले बिजली विभाग से समुचित तालमेल न होने के कारण ऐसी घटना आए दिन हो रही है। बिजली संकट से जूझ रहे हजारों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
