
प्रतीकत्मक फोटो
गोसाईगंज अयोध्या। नगर पंचायत क्षेत्र गोसाईगंज और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से क्षेत्र में फायर ब्रिगेड वाहन की मांग को लेकर किए जा रहे प्रयासों को सफलता मिल गई है।
यह उपलब्धि नगर पंचायत की सभासद आरती जायसवाल के प्रयासों के फलस्वरूप गोसाईगंज में फायर ब्रिगेड वाहन की तैनाती को मंजूरी मिली है।अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के प्रथम अधिकारी सुनील कुमार सिंह द्वारा सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत उपलब्ध कराई गई जानकारी में यह पुष्टि की गई है।
26 मई को जारी कार्यालय पत्र संख्या आरटीआई/930/2025 के अनुसार, मुख्यालय के पत्रांक 248/2025 दिनांक 13 अप्रैल 2025 के माध्यम से जनपद अयोध्या के गोसाईगंज क्षेत्र के लिए 2000 लीटर क्षमता वाला एक पृथक वाटर टेंडर (फायर ब्रिगेड वाहन) आवंटित कर दिया गया है।
क्षेत्र में आए दिन होने वाली आगजनी की घटनाओं को देखते हुए इस वाहन की तैनाती को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी, जिससे जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
फायर ब्रिगेड वाहन के आवंटन की सूचना मिलते ही नगरवासियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संबंधित अधिकारियों तथा इस दिशा में प्रयास करने वाले जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
बताते चले कि गोसाईंगंज कस्बे में कई बार दुकानों व घरों में आग लगने की घटना हो चुकी है।आग लगने पर जब फायर ब्रिगेड को सूचना दिया जाता है तो अयोध्या व पड़ोसी जनपद अकबरपुर से गाड़ी आती है।गाड़ी जब तक पहुंचती थी तब तक सब कुछ राख हो चुका होता हैं।फायर ब्रिगेड की स्थापना के लिए कई बार जागरूक लोगो ने शासन प्रशासन सहित तमाम नेताओ से फरियाद किया परन्तु कोई सुनवाई नही हुई।
जिसके बाद नगर पंचायत की सभासद आरती जायसवाल ने कमर कसी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी खड़ी करने के लिए जुट गई।सभासद आरती जायसवाल का प्रयास रंग लाया और शासन ने अब इसकी मंजूरी दे दी।
