
कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभाकक्ष में गुरुवार को कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में नए सत्र के प्रवेश तथा विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार का 31वाँ दीक्षांत समारोह आगामी 12 अगस्त को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस वर्ष के दीक्षांत समारोह की विशेष बात यह होगी कि इसका भव्य आयोजन विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के लिए कुलपति द्वारा निर्देश दिए गए हैं। मूल्यांकन पूर्ण कर परीक्षाफल शीघ्र घोषित करने के लिए तत्संबंधी को निर्देशित किया। बैठक में नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने और दीक्षांत समारोह को भव्य व अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों के गठन और उनके दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की गई। नए सत्र में विभिन्न विषयों में प्रवेश के लिए कमेटियों को सक्रिय करने का कुलपति ने निर्देश दिया है।
कुलपति ने सभी संबंधित अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि दीक्षांत समारोह और नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से और उच्च स्तरीय मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनय कुमार सिंह तथा वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. आशुतोष सिन्हा, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो. एस के रायजादा, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा प्रो. फर्रुख जमाल, प्रो. गंगाराम मिश्र, प्रो. शैलेंद्र कुमार, प्रो सुरेन्द्र मिश्र, उपकुलसचिव डॉ. ए के गौतम, डॉ.रीमा श्रीवास्तव, रवि मालवीय प्रोग्रामर गिरीश पंत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
