
सांकेतिक फ़ोटो
अयोध्या। एक बैंक उपभोक्ता को झांसे में लेकर ओटीपी पूछ हुई एक लाख 20 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित के बैंक खाते में ठगी गई रकम वापस कराई है।
प्रभारी निरीक्षक थाना साइबर क्राइम मो अरशद ने गुरुवार को बताया कि एक पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि साइबर ठग ने उनको झांसे में लिया और उनसे ओटीपी पूछ लिया। इसी ओटीपी के सहारे उनके बैंक खाते से एक लाख 20 हजार रुपए की रकम अन्य खाते में ट्रांसफर कर ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद त्वरित कानूनी कार्यवाही करते हुए ठगी गई रकम को संबंधित बैंक खाते में होल्ड/लीन कराई गई। दरअसल साइबर ठगों ने वारदात अंजाम देते हुए ठगी गई रकम एक व्यापारिक प्रतिष्ठान के बैंक खाते में भेज दी थी। कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कराते हुए ठगी गई रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई है। उन्होंने बताया कि सभी लोग साइबर अपराधों से सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर विश्वास न करें और धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें अथवा वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
