तूफानी बारिश का कहर: बारिश और तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति ठप, पानी का संकट भी गहराया

Spread the love

तूफानी बारिश का कहर: बारिश और तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति ठप, पानी का संकट भी

गोसाईंगंज, अयोध्या। बारिश और तेज हवाओं के चलते गोसाईंगंज विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अंतर्गत गोसाईंगंज कस्बा समेत ग्रामीण इलाको की बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। शुक्रवार रात करीब 10 बजे से बाधित विद्युत आपूर्ति शनिवार तक सुचारु नहीं हो सकी। जगह-जगह पेड़ गिरने और बिजली लाइनों में खराबी के कारण उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से इन्वर्टर भी जवाब दे गए। दिन में ही घरों और दुकानों में अंधेरा छाया रहा। बिजली न होने का असर नगर पंचायत की पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा। पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को घरेलू जरूरतों के लिए पानी की समस्या से जूझना पड़ा। इससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित रही।

बताया गया कि बीकापुर और दर्शननगर की ओर से आने वाली करीब 33 हजार की सप्लाई ब्रेकडाउन में है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। विद्युत विभाग की टीमें खराबी दूर करने में जुटी हैं।

इस संबंध में अवर अभियंता शिवशंकर यादव ने बताया कि बीकापुर लाइन को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। कई स्थानों पर गिरे पेड़ों को हटाया जा रहा है। रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है। उन्होंने बताया कि शाम तक विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है


Spread the love

Related posts