
सपा का PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन: व्यापारियों के उत्पीड़न और UPI चार्ज का मुद्दा उठा
अयोध्या। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा का PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन शनिवार को लोहिया भवन, गुलाबबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता सपा महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव हामिद जाफर मिशम ने किया। कार्यक्रम में व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल मुख्य अतिथि और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक तेज नारायण पांडे भी कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शामिल हुए।
व्यापार सभा के राष्ट्रीय सचिव एवं सम्मेलन के आयोजक जनार्दन पांडे ‘बबलू पंडित’ ने बताया कि यह अखिलेश यादव के दिशा-निर्देशन में चल रहे मंडलीय सम्मेलनों की श्रृंखला का 15वां सम्मेलन था। उन्होंने सम्मेलन को सफल बताते हुए कहा कि इसमें बड़ी संख्या में व्यापारी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने GST और UPI से जुड़े प्रावधानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छोटे व्यापारी आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने अयोध्या और बनारस में विकास कार्यों के दौरान व्यापारियों की दुकानों को हटाए जाने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका तय करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने अयोध्या के व्यापारियों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए रामपथ, सब्जी मंडी चौक और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से प्रभावित व्यापारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की आवाज को सपा नेताओं ने उठाया है।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित की आवाज उठाती है। उन्होंने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी व्यापारी समाज के साथ खड़ी है।
सम्मेलन में UPI पर प्रस्तावित 0.46 प्रतिशत चार्ज का भी विरोध किया गया। जनार्दन पांडे ने कहा कि इससे छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। सम्मेलन में वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही EVM को लेकर आपत्ति जताते हुए बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव, श्रीचंद यादव, राम अचल यादव, मो. हलीम पप्पू, जसवीर सिंह सेठी, केके गुप्ता, अमृत राजपाल, शादाब खान, पल्लव खेतान, गोकुल चंद कौशल, गंगा शंकर साहू, निर्मल वर्मा, अपर्णा जायसवाल, रियाज अहमद, राकेश पांडे, राजमनी साहू, अजय चौरसिया, अली सईद खान, वैभव गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
