जमीन फर्जीवाड़ा: हमनाम ने फर्जीवाड़ा कर खतौनी में नाम दर्ज करा जमीन बेचने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने भूमि मालिक के हमनाम की ओर से फर्जीवाड़ा कर खतौनी में अपना नाम दर्ज कराने और जमीन की बिक्री कर लेने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण लगभग छह माह पहले दर्ज हुआ था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान किया है।
नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मूल रूप से कैंट थाना क्षेत्र के मशीनिया पलिया शाहबदी के रहने वाले और राजस्थान प्रांत में नौकरी करने वाले अंगनू पुत्र बरसाती की ऊसरू क्षेत्र में जमीन थी। इन्हीं के हमनाम एक अन्य शख्स ने फर्जीवाड़ा कर तहसील से खतौनी पर अपना और अपने भाइयों का नाम दर्ज करवा लिया। मामले की जानकारी पर भूमि मालिक ने विरोध किया तो उसको धमकाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में नगर कोतवाली क्षेत्र के दीवान का पुरवा उसुरू निवासी एक आरोपी दिलीप कुमार पुत्र स्वर्गीय अंगनू को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।
एंटी फ्रॉड सेल की जांच के बाद दर्ज हुई थी रिपोर्ट
प्रकरण में एसएसपी से शिकस्त के बाद एंटी फ्रॉड सेल की जांच पर 14 को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पीड़ित राजस्थान के जोधपुर में रेलवे से रिटायर और वही मकान बनाकर रहने वाले मूल रूप से कैंट थाना क्षेत्र के मसिनिया मौजा पलिया शाहबदी व मोहल्ला बई का पुरवा अबू सराय निवासी अंगनू पुत्र बरसाती ने 8 सितंबर 25 को शिकायत दी थी।
आरोप लगाया था कि उनके बाबा सरजू पुत्र अमरिता के नाम उसरू में जमीन थी। पिता बरसाती की भी 16 मार्च 1994 को मौत हो गई। जिसके बाद वरासतन खतौनी पर उसका नाम दर्ज हो गया। हमनामी अंगनू पुत्र बरसाती पुत्र सेतू ने तहसील कर्मियों की मिलीभगत से फर्जीवाड़ा कर खतौनी में अपना और अपने भाईयों खुशीराम,पतिराम, रामसेवक आदि का नाम चढ़वा दिया। साथ ही नकली अंगनू के पुत्र राम भवन, हरीराम, दिलीप, राम गोपाल व पत्नी कोईला ने योगिता श्रीवास्तव पत्नी राजेश कुमार श्रीवास्तव निवासी लालबाग नई कालोनी, कोतवाली नगर, भानमती पत्नी बद्री प्रसाद पाण्डेय निवासी घरेहठा दशरथपुर कोतवाली बीकापुर, सरिता श्रीवास्तव पत्नी अखिलेश निवासी शारदा पुरम कालोनी उरुरू कोतवाली नगर, यमुनोत्री गुप्ता पत्नी भगवान केसरवानी निवासी मोतीबाग कोतवाली नगर, रचना श्रीवास्तव पत्नी सुजीत कुमार निवासी उसरू कोतवाली नगर,रंजना श्रीवास्तव पत्नी आनन्द कुमार निवासी सर्वेश्वरी नगर आचार्य नगर जनौरा नाका बाईपास कोतवाली नगर, मधुबाला पत्नी सोमनाथ निवासी वजीरगंजी कोतवाली नगर जिला से मिलीभगत कर बिक्री कर दी। जबकि शिकायत पर फर्जी इंद्राज को रोका जा चुका था।
