
Ayodhya Ram Mandir : तीन सदस्यीय पैनल ने दावेदारों से किया सवाल
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए मंगलवार को अयोध्या में इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 8 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें तीन पूर्व IAS अधिकारी, एक पूर्व IPS अधिकारी और चार पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल रहे।
इंटरव्यू में प्रमुख रूप से पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय और जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी दिनेश चंद्र के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा भी CEO पद के प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं। हालांकि पहले दिन इंटरव्यू देने वाले सभी आठ उम्मीदवारों के नाम ट्रस्ट की ओर से सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
तीन सदस्यीय पैनल ने लिए इंटरव्यू
CEO पद के लिए उम्मीदवारों का इंटरव्यू तीन सदस्यीय चयन समिति ने लिया। इस पैनल में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व परमाणु वैज्ञानिक और शिरडी स्थित श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावड़े शामिल हैं।
15 से 20 मिनट तक चला प्रत्येक का इंटरव्यू
सूत्रों के अनुसार प्रत्येक उम्मीदवार से करीब 15 से 20 मिनट तक बातचीत हुई। उम्मीदवारों से उनके प्रशासनिक अनुभव, पूर्व तैनाती, धार्मिक क्षेत्र में काम करने के अनुभव, भगवान राम के प्रति आस्था और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े सवाल पूछे गए।इंटरव्यू अयोध्या में राम मंदिर के पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर (पीएफसी) के कॉन्फ्रेंस रूम में हुआ। उम्मीदवार सुबह करीब 9 बजे मंदिर परिसर पहुंचे और इंटरव्यू प्रक्रिया करीब 10 बजे शुरू हुई। सभी उम्मीदवारों को हवाई जहाज से लाया गया और हवाई अड्डे से सभी चार पहिया वाहनों से राम मंदिर पहुंचे और दर्शन पूजन भी किया।
5,300 से अधिक आवेदनों में से हुआ है 18 का चयन
राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO पद के लिए देशभर से आए 5200 से 5300 आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को अंतिम इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। दो दिन चलने वाली प्रक्रिया के बाद चयन समिति 18 में से तीन नामों की सिफारिश ट्रस्ट को करेगी। अंतिम निर्णय ट्रस्ट लेगा।
ट्रस्ट ने CEO की नियुक्ति का फैसला मंदिर से जुड़े प्रशासन और प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित करने के उद्देश्य से किया है। उम्मीद है कि 2 सितंबर को आयोजित ट्रस्ट की बैठक में नए CEO की नियुक्ति की घोषणा की जाएगी। हालांकि अभी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
