
Ayodhya News : बीकापुर कोतवाली पुलिस ने किया खुलासा
अयोध्या। बीकापुर कोतवाली पुलिस ने लूटे गए मोबाइल के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया कीपैड मोबाइल बरामद किया है।
एसएसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि गुरुवार को बीकापुर क्षेत्र में एक शख्स और उसके भाई को डरा-धमकाकर मोबाइल फोन लूट लिया गया था। प्रकरण में पीड़ित ने वारदात में प्रयुक्त बाइक के पंजीकरण नंबर का हवाला देते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्ज रिपोर्ट की विवेचना में जुटी बीकापुर कोतवाली पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रताप तिवारी और उपनिरीक्षक अरुण कुमार की पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान पिपरी तिराहे से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों ने अपना न पता अरविंद वर्मा (24 वर्ष) निवासी ग्राम अलावलपुर थाना पूराकलंदर तथा निखिल वर्मा (23 वर्ष) निवासी ग्राम माधवपुर थाना पूराकलंदर बताया है। इनके पास से लूटा गया कीपैड मोबाइल बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज मिले हैं। दर्ज लूट के मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ा दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।
