
Tiranga Yatra 2026: सहादत गंज चौराहे से शुरू होकर नया घाट पहुंचेगी यात्रा, बड़ी संख्या में पत्रकारों से सहभागिता की अपील
अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को प्रस्तावित भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तिरंगा यात्रा को सफल, भव्य और आकर्षक बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पत्रकार बीएस लाठी ने कहा कि वर्ष 2025 में 14 अगस्त को निकाली गई पहली तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक और अत्यंत सफल रही थी। इस वर्ष 14 अगस्त 2026 को उससे भी अधिक भव्य और आकर्षक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देगी।
तिरंगा यात्रा से जुड़े पत्रकार आकाश गुप्ता ने बताया कि यात्रा को चार प्रमुख जोनों में विभाजित किया गया है। तिरंगा यात्रा सुबह 11 बजे सहादत गंज चौराहे से प्रारंभ होकर सिविल लाइन स्थित पत्रकार चौराहा और उदया चौराहा होते हुए नया घाट पहुंचेगी। नया घाट पर यात्रा का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पत्रकार आकाश सोनी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जन-जागरूकता अभियान भी है। सभी पत्रकार राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस यात्रा में शामिल होंगे।
पत्रकार समीर शाही ने सभी से अपील की कि वे सुबह 10:30 बजे तक सहादतगंज चौराहे पर पहुंच जाएं और अनुशासित ढंग से यात्रा को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
पत्रकार अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’ ने कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के पत्रकार इस तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करें। वहीं पत्रकार रूपेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह यात्रा पत्रकारों की एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनेगी।
अखंड सिंह ने कहा कि सभी पत्रकार अपने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों के साथ नया घाट तक यात्रा में शामिल होंगे और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश देंगे।
पत्रकार आशु श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण स्तर के पत्रकारों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने का जो दायित्व उन्हें दिया गया है, उसका वे पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
बैठक में उपस्थित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक की जानकारी मीडिया प्रभारी राजेंद्र दुबे एवं अनिल निषाद ने दी।
इस अवसर पर क्षितिज साधवानी, अपूर्व पाठक, सौरभ शुक्ला, राघवेंद्र शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव, करन प्रजापति, नरेंद्र मिश्रा, गुलजार खान, चंद्रधर द्विवेदी, अंकुर श्रीवास्तव, शिवेंद्र सिंह, सुमित यादव, नवनीत कौशल, बृजेश सिंह, अभिषेक उपाध्याय, देवेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
