
राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति में रघुवंशी समाज को प्रतिनिधित्व देने की मांग, पीएम और सीएम को भेजा पत्र
अयोध्या। राष्ट्रीय सकल रघुवंशी समाज क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय संयोजक चक्रपाल सिंह रघुवंशी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति में रघुवंशी समाज के एक प्रतिनिधि को शामिल किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर उचित पहल करने का अनुरोध किया है।
चक्रपाल सिंह रघुवंशी का कहना है कि भगवान श्रीराम रघुवंश के गौरव हैं, इसलिए धार्मिक समिति में रघुवंशी समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। उन्होंने बताया कि समाज लगातार श्रीराम मंदिर से जुड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
उन्होंने दावा किया कि प्रतिष्ठा उत्सव के अवसर पर रघुवंशी समाज की ओर से 2121 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन कराया गया था। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 1 करोड़ 11 लाख रुपये का दान भी समाज की ओर से समर्पित किया गया है।
राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि समाज की इस मांग पर केंद्र सरकार, राज्य सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सकारात्मक विचार करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जल्द ही राष्ट्रीय सकल रघुवंशी समाज क्षत्रिय महासभा के बैनर तले समाज के प्रमुख सदस्यों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी इस विषय पर वार्ता की जाएगी।
रघुवंशी समाज ने उम्मीद जताई है कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए धार्मिक समिति में समाज को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाएगा।

