
Crime News : पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर की महिला ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
अयोध्या। जनपद की नगर कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और डीएनए सैंपलिंग करवा चालान किया है।
प्रकरण में मूल रूप से पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली और यहां नगर कोतवाली के नवीन मंडी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहने वाली महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी । आरोप लगाया था कि शादी का झांसा देकर शख्स ने उससे अंतरंगता बढ़ाई और उसका शारीरिक शोषण किया। इस बीच वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करवा दिया। शादी का दबाव बनाने पर शादी करने से इनकार कर दिया और उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मार डालने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि दर्ज मुकदमें में विवेचना में जुट नवीन मंडी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय यादव की टीम ने उसरु नहर की पुलिया के पास से महेन्द्र देव दुबे निवासी देवलपारा दुबान का पुरवा कुचेरा बाजार थाना इनायतनगर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महेन्द्र देव दुबे के खिलाफ पहले से इनायतनगर थाने में लूटपाट, मारपीट,जानलेवा हमला आदि के चार मामले दर्ज मिले हैं।
