
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: यह जीत कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित-जादुमणि सिंह
नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह ने पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने इस मुकाबले में पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से हराया है।
मुकाबले की शुरुआत से ही जादुमणि सिंह अपने विरोधी खिलाडी पर हावी रहे, नतीजा यह रहा कि बेहतरीन फुटवर्क और बेहतर रणनीति के दम पर उन्होंने मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा।
उनकी इसी रणनीति के कारण पाकिस्तान के सुमामा रहमान पूरे मैच में लय हासिल नहीं कर सके। पांचों जजों ने सर्वसम्मति से जादुमणि सिंह के पक्ष में फैसला दिया। इनमें तीन जजों ने 30-27 और दो जजों ने 29-28 के स्कोर से भारतीय मुक्केबाज को विजेता घोषित किया। इस जीत के बाद उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद जादुमणि सिंह ने अपनी जीत को कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित करते हुए कहा कि मैं अपनी यह जीत कारगिल के वीरों को समर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विरुद्ध जीत हासिल करके मुझे बहुत अच्छा लगा।
उन्होंने कहा वह क्वार्टर फाइनल में इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने की पूरी कोशिश करेंगे। क्वार्टर फाइनल में जादुमणि सिंह का मुकाबला जाम्बिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। यह मुकाबला 28 जुलाई को स्थानीय समयानुसार शाम 7:45 बजे खेला जाएगा।
