नगर पंचायत स्थापना दिवस: हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ 73वाँ स्थापना दिवस…

Spread the love

नगर पंचायत स्थापना दिवस: हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ 73वाँ स्थापना दिवस, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

गोसाईगंज अयोध्या। बाबा हिंक्षाराम भारती की नगरी गोसाईगंज नगर पंचायत का 73वाँ स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में नगर हित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ0 विजय लक्ष्मी जायसवाल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 11 जुलाई 1953 को स्थापित नगर पंचायत गोसाईगंज आज विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत केवल एक प्रशासनिक संस्था नहीं, बल्कि पूरे नगर का परिवार है।

इसकी 73 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में वर्तमान बोर्ड के साथ-साथ सभी पूर्व अध्यक्षों, पूर्व सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा नगरवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कहा कि नगर का विकास केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से नहीं होता, बल्कि समाज के अनेक ऐसे महान व्यक्तित्व भी हैं जिन्होंने बिना किसी पद पर रहते हुए समाज सेवा, शिक्षा, स्वच्छता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा जनकल्याण के माध्यम से नगर के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने ऐसे सभी महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए नगरवासियों से विकास की इस यात्रा में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

पूर्व वरिष्ठ सभासद रामकुमार सेठ ने कहा कि गोसाईंगंज नगर सन1717 में बाबा हिंक्षाराम भारती द्वारा बसाई गयी है। शुरू से ही यह नगर निरन्तर प्रगति की तरफ अग्रसर रहा है।जिसका परिणाम है कि आज अयोध्या जनपद में जो सुविधाएं है वही सुविधा अपने नगर पंचायत में भी है। हम सभी सभासदों से आग्रह करते है कि सभी लोग एकजुट होकर नगर पंचायत को नई ऊंचाई पर ले जाए ताकि आने वाले समय मे लोग आपको याद रखे।

समारोह के दौरान छोटी गलियों से घर-घर कूड़ा संग्रहण हेतु दो नए ई-रिक्शा कूड़ा वाहनों का शुभारंभ, आधुनिक वाताकूलित शव संरक्षण हिम यंत्र, एंटीलार्वा स्प्रे मशीन, फागिंग मशीन, मिनी ट्रैक्टर, तथा रोटी बैंक योजना के लिए समर्पित विशेष ई-रिक्शा का लोकार्पण किया गया।

इसके साथ ही अन्य जनहितकारी विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।कार्यक्रम के पश्चात नगर पंचायत परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ0 घनश्याम सोनी, गोपीनाथ अँगियार, संजय पराग, प्रशांत गुप्ता, प्रिंस सिंह, ईओ विनय कुमार द्विवेदी, पूर्व सभासद रामकुमार सेठ, सर्वेश कुमार मोनू, विजय सोनी, नामित सभासद बजरंग चौरसिया, मीना गुप्ता, श्रीमती देवी, सभासद कालीचरण वर्मा, रविन्द्र यादव, ध्रुव भोजवाल, मुन्ना वर्मा, सभासद प्रतिनिधि आलोक कुमार, अजय कन्नौजिया, श्यामलाल सहित नगर पंचायत कर्मी सहित तमाम संभ्रांत लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts