
व्यापार समाचार: बीकापुर में नकली सीमेंट बिक्री की आशंका, एमपी बिड़ला के डिस्ट्रीब्यूटर ने पुलिस से की जांच की मांग
बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र में कथित रूप से नकली सीमेंट की बिक्री किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। एमपी बिड़ला परफेक्ट सीमेंट के अयोध्या एवं अंबेडकरनगर जनपद के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर ने कोतवाली बीकापुर में शिकायत पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 11 जून 2026 को सूचना मिली कि कोछा बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान ट्रेडर्स एमपी बिड़ला परफेक्ट सीमेंट के नाम से सीमेंट की खेप उतारी जा रही है। सूचना मिलने पर कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और सीमेंट की जांच की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित सीमेंट और उसे लेकर आई गाड़ी कंपनी अथवा उसके अधिकृत प्लांट द्वारा प्रेषित नहीं की गई थी।
डिस्ट्रीब्यूटर का कहना है कि वह अयोध्या और अंबेडकरनगर जनपद में एमपी बिड़ला परफेक्ट सीमेंट का अधिकृत वितरक है तथा दोनों जिलों में कंपनी की आपूर्ति उसके माध्यम से ही की जाती है। ऐसे में संदिग्ध खेप की मौजूदगी से नकली सीमेंट की बिक्री की आशंका उत्पन्न होती है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद वाहन संख्या यूपी-70 डीटी-1293 से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। शिकायतकर्ता कंपनी के प्रतिनिधि ने आशंका जताई है कि मामला जीएसटी चोरी से भी जुड़ा हो सकता है। उन्होंने कोतवाली पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बीकापुर पुलिस को दी गई तहरीर में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ज्ञानेश्वर जायसवल ने यह भी कहा है कि नकली उत्पादों की बिक्री से उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। कोतवाली पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच की जा रही है।

