
OBC आयोग बैठक: न्यायमूर्ति राम अवतार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक, OBC प्रतिनिधित्व और सामाजिक स्थिति पर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से ली गई जानकारी
अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की समीक्षा बैठक मंगलवार को अयोध्या कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम अवतार सिंह ने की। इस दौरान आयोग ने अधिकारियों को आयोग के गठन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जनपद अयोध्या की जनसंख्या के सामाजिक वर्गवार आंकड़ों की समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले की कुल जनसंख्या 19,37,638 है। इनमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जनसंख्या 9,83,386 है, जो कुल आबादी का लगभग 50.75 प्रतिशत है। इसके अलावा अनुसूचित जाति (SC) की जनसंख्या 4,74,966, सामान्य वर्ग की जनसंख्या 4,78,906 तथा अनुसूचित जनजाति (ST) की जनसंख्या 680 दर्ज की गई।
आयोग ने स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और उनकी सामाजिक स्थिति को लेकर विस्तार से समीक्षा की। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों, खंड विकास अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से OBC वर्ग के प्रतिनिधित्व, सामाजिक भागीदारी और स्थानीय निकायों में उनकी स्थिति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की गई।
आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम अवतार सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व का निष्पक्ष अध्ययन करना है। इसके लिए जनपद स्तर पर तथ्यात्मक जानकारी और सुझाव एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सूचनाएं पूरी पारदर्शिता और तथ्यात्मक आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। आयोग द्वारा प्राप्त आंकड़ों, सुझावों और विभिन्न पक्षों से मिली जानकारियों का गहन अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद आयोग अपनी संस्तुतियां तैयार कर उत्तर प्रदेश शासन को भेजेगा, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

