राम मंदिर: निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्र

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड

राम मंदिर: निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्र

अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शनिवार को अयोध्या पहुंचे। वह श्रीराम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा और निर्माण समिति की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए आए हैं। उनके आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंदिर ट्रस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के दौरान उन्होंने ने स्पष्ट किया कि उनकी जिम्मेदारी केवल राम मंदिर और उससे जुड़े निर्माण कार्यों की निगरानी तक सीमित है। उन्होंने कहा कि वह निर्माण संबंधी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करने तथा विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए अयोध्या आए हैं।

उन्होंने बताया कि निर्माण समिति की बैठक में मंदिर परिसर के भीतर और आसपास चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और आगामी चरणों को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। बैठक में निर्माण कार्यों से जुड़े विशेषज्ञों और संबंधित अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

मीडिया द्वारा मंदिर में कथित दान घोटाले से संबंधित सवाल पूछे जाने पर नृपेंद्र मिश्र ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं केवल निर्माण कार्य देखता हूं और कुछ नहीं।” उन्होंने कहा कि उनका कार्यक्षेत्र निर्माण परियोजनाओं की निगरानी और उनके सफल क्रियान्वयन तक सीमित है।

गौरतलब है कि राम मंदिर परिसर में विभिन्न निर्माण और सौंदर्यीकरण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में निर्माण समिति की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ आगामी योजनाओं पर भी निर्णय लिए जाएंगे, जिससे मंदिर परिसर के विकास कार्यों को और गति मिल सके।


Spread the love

Related posts