
Education News: व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग में एआई वर्कशॉप का हुआ आयोजन
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग में गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर्स आशुतोष सिंह एवं साक्षी वर्मा की ओर से विद्यार्थियों के लिए एक विशेष एआई वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक एआई टूल्स से परिचित कराना तथा उनकी रचनात्मकता, नवाचार क्षमता एवं डिजिटल कौशल का विकास करना था।
विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा एवं उद्योग जगत में नए आयाम स्थापित कर रहा है। विद्यार्थियों के लिए ऐसी कार्यशालाएं न केवल तकनीकी ज्ञान प्रदान करती हैं, बल्कि उन्हें नवाचार और उद्यमिता की दिशा में भी प्रेरित करती हैं।
डॉ. अनुराग तिवारी ने कहा कि एआई आधारित तकनीकों का ज्ञान आज के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक कौशल को भी विकसित करती हैं।
कार्यशाला के समापन सत्र में सभी टीमों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए तथा पोस्टर, इमेज एवं संगीत का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विभाग के शिक्षक डॉ. पवन कुमार, डॉ. संजीत पांडे एवं डॉ. श्याम श्रीवास्तव उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
एआई टूल्स के बारे दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को गूगल के अत्याधुनिक एआई टूल्स जेमिनी, नैनो बनाना एवं लिरिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। आशुतोष सिंह एवं साक्षी वर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि जेमिनी की सहायता से प्रभावी प्रॉम्प्ट्स कैसे तैयार किए जाते हैं तथा उन्हीं प्रॉम्प्ट्स का उपयोग करके नैनो बनाना के माध्यम से आकर्षक इमेज एवं पोस्टर कैसे जनरेट किए जा सकते हैं।
सिखाई गई एआई आधारित म्यूजिक जनरेशन की प्रक्रिया
कार्यशाला में विद्यार्थियों को लिरिया की सहायता से एआई आधारित म्यूजिक जनरेशन की प्रक्रिया भी सिखाई गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न टीमों में कार्य करते हुए जेमिनी की मदद से अपनी बैंड आइडेंटिटी तैयार की, नैनो बनाना के माध्यम से पोस्टर एवं इमेज बनाई तथा लिरिया की सहायता से अपने बैंड के लिए संगीत तैयार किया।
