अयोध्या एयरपोर्ट पर AEMC की बैठक, विमानन सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन पर बनी कार्ययोजना

Spread the love

 

अयोध्या एयरपोर्ट AEMC बैठक: बर्ड हज़ार्ड, ड्रोन गतिविधियों और सुरक्षा प्रबंधन पर चर्चा

अयोध्या। महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्याधाम के वी.सी. रूम, टर्मिनल बिल्डिंग में एयरपोर्ट एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (AEMC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त, अयोध्या मण्डल द्वारा की गई तथा बैठक में जिलाधिकारी अयोध्या सहित राज्य प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारम्भ में एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह द्वारा आयुक्त, अयोध्या मण्डल तथा सभी अधिकारियों एवं राज्य प्रशासन के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। बैठक का आरम्भ श्री पुष्पेन्द्र भारती, मैनेजर (ATC) द्वारा प्रस्तुत विस्तृत प्रेजेंटेशन से हुआ, जिसमें एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रदान की गई। बैठक में एयरपोर्ट डायरेक्टर (संयोजक एईएमसी) श्री धीरेंद्र सिंह ने बताया कि महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्याधाम के सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन हेतु एयरफील्ड पर्यावरण का प्रभावी प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने एयरपोर्ट के आसपास उत्पन्न होने वाली पर्यावरणीय चुनौतियों की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष रूप से बर्ड एवं वाइल्डलाइफ हज़ार्ड, लेज़र लाइट हज़ार्ड, अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों, एयरपोर्ट के आसपास ठोस अपशिष्ट (Garbage) के निस्तारण, मीट एवं फिश शॉप्स, तथा एयरपोर्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों से विमान संचालन पर संभावित प्रभाव पड़ सकता है। बैठक में इन विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा इनके प्रभावी निवारण एवं नियंत्रण हेतु कार्ययोजना (Mitigation Plan) पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों एवं वन्यजीवों को आकर्षित करने वाली गतिविधियों को नियंत्रित करने, अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने, एयरफील्ड के आसपास अवैध अथवा अनियंत्रित निर्माण गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने तथा एयरपोर्ट सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। आयुक्त अयोध्या मण्डल एवं जिलाधिकारी अयोध्या ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि हवाई अड्डे की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा एयरफील्ड पर्यावरण प्रबंधन से संबंधित सभी विषयों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अयोध्या, जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी, अनुराज जैन उपाध्यक्ष, अयोध्या विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त अयोध्या जयेन्द्र कुमार, प्रखर गुप्ता प्रभागीय वनाधिकारी, अयोध्या, पुलिस अधीक्षक (यातायात) अयोध्या प्रसाद सिंह, डीजीएम (ATC), हेड इलेक्ट्रिकल, हेड सिविल, उप जिलाधिकारी सदर, अयोध्या, चीफ एयरपोर्ट सिक्योरिटी ऑफिसर, CISF, कार्यपालक अभियंता, नगर निगम अयोध्या, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर, अयोध्या, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम अयोध्या, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अयोध्या, अधिशासी अभियंता, नगर निगम अयोध्या, खाद्य निरीक्षक, अयोध्या, प्रभारी निरीक्षक, थाना अयोध्या, स्टेशन मैनेजर, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्टेशन मैनेजर, इंडिगो, स्टेशन मैनेजर, अलायंस एयर, स्टेशन मैनेजर, अकासा एयर, तथा स्टेशन मैनेजर, ग्लोबल फ्लाइट हैंडलिंग सर्विसेस सहित भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सीआईएसएफ एवं राज्य प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने एयरपोर्ट के सुरक्षित संचालन, विमानन सुरक्षा तथा पर्यावरण प्रबंधन के लिए आपसी समन्वय के साथ निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।


Spread the love

Related posts