
बार एसोसिएशन चुनाव 2026: अध्यक्ष पद पर 3 दावेदार, कई पदों पर नामांकन दाखिल
नामांकन प्रक्रिया पूरी, अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों की दावेदारी, भरा पर्चा
बीकापुर। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव अधिकारी एवं एल्डर्स कमेटी के समक्ष विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। निर्वाचन अधिकारी अवधराम यादव, श्रीकान्त त्रिपाठी और अवधेश पाण्डेय, चन्द्रभूषण दूबे की मौजूदगी में पर्चे भरे गए।
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए प्रमुख पदों की दावेदारी पर अध्यक्ष पद के लिए वंशीधर शुक्ला, सीताराम दूबे, शिवनाथ सिंह के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होना तय माना जा रहा है। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अशोक कुमार सिंह और सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय आमने-सामने हैं।

मंत्री पद के लिए रामसिंह और कुश कुमार राय ने पर्चा दाखिल किया है। संयुक्त पद के लिए मंत्री दिनेश कुमार पाण्डेय और पुष्पेन्द्र मिश्रा चुनाव मैदान में हैं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर श्याम सुन्दर कन्नौजिया के अलावा कोई भी पर्चा दाखिल नहीं हुआ है, ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
कोषाध्यक्ष/लेखापरीक्षक पद पर कोई पर्चा दाखिल नहीं हुआ। वरिष्ठ कार्यकारिणी के लिए राम सजीवन चौरसिया, दिनेश कुमार तिवारी, रमेश कुमार मैदान में हैं। कनिष्ठ कार्यकारिणी पद के लिए सुशील कुमार पाण्डेय, संजय पाण्डेय, अरुण कुमार मिश्रा ने पर्चा दाखिल किया है। चुनाव अधिकारी की ओर से नामांकन पत्रों की जांच की गई और 27 जून को चुनाव की तारीख घोषित की गई है।

