
सिंचाई विभाग से गायब हो गई लोहे की तिजोरी, अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
अयोध्या। कैण्ट थाना क्षेत्र में रामपथ किनारे स्थित सिंचाई विभाग के लिफ्ट खंड कार्यालय में लोहे की तिजोरी चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रकरण में विभाग के अधिशासी अभियंता की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में सरयू नहर कालोनी सिविल लाइन स्थित अधिशासी अभियन्ता लिफ्ट सिचाई खण्ड कार्यालय के अवर अभियन्ता (मुख्यालय) लिफ्ट सिंचाई खण्ड अयोध्या प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि विभागीय धनराशि के रखरखाव के लिए कई वर्ष पूर्व विभाग की ओर से कैशियर कमरे में लोहे की एक मजबूत और वजनी तिजोरी स्थापित कराई गई थी। इसको सीमेंट और मोरंग से फिक्स किया गया था। कोई लोहे की तिजोरी को खोदकर कार्यालय से उठा ले गया।
चेकिंग के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार, तिजोरी बरामद
क्षेत्राधिकारी नगर श्रेयश त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी प्रभारी निरीक्षक थाना कैण्ट संदीप कुमार सिंह की पुलिस टीम ने मऊ शिवाला से गद्दोपुर की तरफ जाने वाले नहर की पुलिया के पास से अभिषेक सिंह निवासी बोधारी थाना हैदरगंज,अवनीश कुमार सिंह उर्फ शौर्य प्रताप सिंह उर्फ अवधेश सिंह निवासी रामनगर कोतवाली बीकापुर और अरविंद निषाद निवासी बोधारी थाना हैदरगंज को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चुराई गई लोहे की एक कैश चेस्ट तथा वारदात में प्रयुक्त सुजुकी सियाज कार,महिन्द्रा पिकअप तथा दो मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपियों से पूछताछ के आए तथ्य के आधार पर अमानत में खयानत तथा बरामदगी की धारा बढ़ा तीनों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
