Muharram 2026: मुहर्रम की तैयारियां तेज, एसडीएम बीकापुर और सीओ ने कर्बला मार्ग का किया निरीक्षण

Spread the love

Muharram 2026: एसडीएम बीकापुर व क्षेत्राधिकारी ने बीकापुर कस्बे में कर्बला के रास्ते का किया निरीक्षण

बीकापुर। मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उपजिलाधिकारी बीकापुर, क्षेत्राधिकारी बीकापुर और प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र पाण्डेय ने कस्बा बीकापुर में कर्बला जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।

अधिकारियों ने मार्ग पर मौजूद आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या दिखाई दे तो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें।

प्रशासन द्वारा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लिया गया है, जिससे पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो सके।


Spread the love

Related posts